Post by Top Story

News Producer at TOP Story Media

जितार नगर में थार से आवारा कुत्ते को कुचलने का आरोप, CCTV में कैद घटना, केस दर्ज पूर्वी दिल्ली के शाहदरा जिले के जगतपुरी थाना क्षेत्र स्थित जितार नगर में एक आवारा कुत्ते को थार गाड़ी से कुचलकर मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता रविंद्र सिंह के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:46 बजे एक थार गाड़ी गली में दाखिल हुई। गली में एक आवारा कुत्ता सड़क पर बैठा हुआ था। आरोप है कि चालक ने कुत्ते को वाहन से कुचल दिया। इतना ही नहीं, आरोप है कि चालक ने वाहन को दोबारा और फिर तीसरी बार भी कुत्ते के ऊपर चढ़ाया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुत्ते की मौत के बाद भी चालक वाहन से नीचे नहीं उतरा और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसके आधार पर शिकायत पुलिस को दी गई। मामले की सूचना मिलने के बाद जगतपुरी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराई गई सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस एक मकान तक पहुंची और वहां से संबंधित थार वाहन को बरामद कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि थार वाहन सैफ नामक एक डॉक्टर के नाम पर पंजीकृत है। हालांकि पुलिस अभी यह जांच कर रही है कि घटना के समय वाहन कौन चला रहा था। शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। दोषी की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। #DelhiNews #Jagatpuri #Shahdara #DogCruelty #AnimalCruelty #DelhiPolice #BreakingNews #CCTVFootage #JitarNagar #EastDelhi #CrimeNews #ViralVideo #AnimalRights #DelhiCrime #NewsChakra

Post content

Video Content